FARMER TRAINING PROGRAM NEWS, 01 जून। भारतीय जनता पार्टी, किसान मोर्चा राजस्थान की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार को प्रांतीय मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने की। इस उच्च स्तरीय बैठक में राजस्थान में प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में मुख्य रूप से आगामी 12 जून को जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने बताया कि आगामी 12 जून को सवाई मान सिंह स्टेडियम में एक विशाल एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के किसानों को पारंपरिक रासायनिक खेती छोड़ पर्यावरण और स्वास्थ्य अनुकूल प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित और प्रशिक्षित करना है

इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना चुके गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और उनकी विशेषज्ञ टीम विशेष रूप से जयपुर आएगी। राज्यपाल और उनकी टीम खुद राजस्थान के प्रगतिशील किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर, जीवमृत तैयार करने की विधि, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीके और कम लागत में अधिक मुनाफे के व्यावहारिक सूत्र सिखाएगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहेंगे।

हर मंडल से चुने जाएंगे 5 किसान, प्रत्येक जिले से 150 की भागीदारी

कार्यक्रम को पूरी तरह जमीनी और प्रभावी बनाने के लिए संगठन स्तर पर एक त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया शुरू की गई है। भाजपा किसान मोर्चा की जिला इकाइयां पार्टी के प्रत्येक संगठनात्मक मंडल से 5-5 ऐसे जागरूक किसानों का चयन करेंगी जो प्राकृतिक खेती करने के इच्छुक हैं। प्रत्येक मंडल से चयनित इन नामों को संकलित कर हर जिले से कुल 150 किसानों की सूची तैयार की जाएगी। जिला इकाइयां इन सभी चयनित किसानों की अंतिम सूची तुरंत मोर्चा के प्रदेश कार्यालय को भेजेंगी, जिन्हें 12 जून को जयपुर में मुख्य प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

बैठक के दौरान कैलाश चौधरी ने इस प्रांतीय कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए उपस्थित किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और जिलाध्यक्षों को अलग-अलग संगठनात्मक दायित्व सौंपे। उन्होंने साफ कहा कि इस आयोजन में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, रेवंत सिंह राजपुरोहित, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी व मोर्चों के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कैलाश चौधरी ने संगठनात्मक एकजुटता और प्राकृतिक खेती के मिशन पर जोर देते हुए कहा कि आगामी 12 जून को किया जा रहा प्रशिक्षण कैंप राजस्थान की कृषि व्यवस्था और हमारे अन्नदाता के जीवन में एक क्रांतिकारी बदलाव की नींव है। चौधरी ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि हमारा किसान समृद्ध हो, उसकी लागत कम हो और हमारी धरती माता रसायनों के जहर से मुक्त हो। इसी सपने को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी भाजपा किसान मोर्चा के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। रासायनिक खादों ने हमारी जमीन को बंजर और इंसानों को बीमार बना दिया है। हमें इस चक्रव्यूह को तोड़ना होगा। आगामी 12 जून को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में होने वाला प्रशिक्षण शिविर राजस्थान के कृषि इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि गुजरात के राज्यपाल, जिन्होंने प्राकृतिक खेती को एक जन-आंदोलन बनाया है, अपनी टीम के साथ हमारे किसानों का मार्गदर्शन करने जयपुर आ रहे हैं।
उन्होंने मोर्चा के सभी जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे आज से ही मिशन मोड में जुट जाएं। प्रत्येक मंडल से 5 ऐसे कर्मठ और इच्छुक किसानों का चयन पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से करें, जो वास्तव में इस तकनीक को सीखकर अपने क्षेत्रों में मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभा सकें। हर जिले से 150 किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करना और उन्हें सुरक्षित जयपुर लाना व ले जाना हमारी जिम्मेदारी है।

WhatsApp Image 2026 05 11 at 11.39.14 PM 1

About The Author