PALI NEWS; 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “मानवता की एक बूंद – रक्तदान करें, जीवन बचाएं” के तहत आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया तथा रक्तदान की शपथ दिलाई गई।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि भारत सरकार एवं राज्य रक्त संक्रमण परिषद के निर्देशानुसार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में विश्व रक्तदाता दिवस मनाया गया। कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं तथा आम नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व को समझते हुए रक्तदान करने एवं दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में रक्तदान जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं तथा नागरिकों को सुरक्षित रक्तदान के लाभों की जानकारी दी गई। कई संस्थानों में निःशुल्क रक्त समूह परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों ने अपने रक्त समूह की जानकारी प्राप्त की।
सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने कहा कि नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है। रक्तदान से समाज में मानवता, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को रक्तदान की शपथ दिलाई गई तथा रक्तदान को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया गया।
                                                                                  Palinews

About The Author