PALI NEWS, 03 जून। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम पाली द्वारा मानसून पूर्व नाला सफाई अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का नगर निगम आयुक्त ने मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त ने नया बस स्टैंड, सुमेरपुर रोड एवं रामदेव रोड पुलिस चौकी क्षेत्र का भ्रमण कर नाला सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की सफाई के लिए हटाई गई कवरिंग को कार्य पूर्ण होने के पश्चात पुनः यथास्थान स्थापित किया जाए। उन्होंने सफाई कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने पर भी जोर दिया। नालों पर किए गए अतिक्रमणों को जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाकर सफाई कार्य संपादित किया गया तथा निकाली गई सिल्ट को ट्रैक्टरों द्वारा उठाकर निर्धारित स्थानों पर डंप किया गया।

आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सफाई के उपरांत भी कुछ स्थानों पर आमजन द्वारा नालों में कचरा, प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं थर्माकोल जैसी सामग्री डाली जा रही है, जिससे नालों के अवरुद्ध होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नालों में कचरा डालने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है तथा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि पाली शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से नालों में कचरा नहीं डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पेपर कप आदि के उपयोग से बचने तथा कचरे को केवल निगम के कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माना एवं चालान की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान कलीम अशरफ, अधिशासी अभियंता जितेंद्र सोनी तथा स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम लोकेश जैन उपस्थित रहे।
