पाली, 10 अप्रैल।  चिकित्सा विभाग की ओर से मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पाली शहर सहित जिले भर में मलेरिया क्रेश प्रोग्राम के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 14 मई तक जारी रहेगा, इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि इसके तहत एएनएम, सीएचओ, आशा सहयोगिनी सहित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं। बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी ब्लड स्लाइड और रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट से जांच की जा रही है। मलेरिया की पुष्टि होने पर तुरंत नियमानुसार उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान के दौरान जागरूकता गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए एंटी लार्वा और एंटी एडल्ट गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं। स्वास्थ्य टीमें घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा पानी की पहचान कर उसे हटवा रही हैं। कूलर, टंकियां, गमले, पुराने टायर और अन्य बर्तनों की नियमित सफाई के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन के तहत नालियों की सफाई और जल स्रोतों की जांच की जा रही है।

About The Author