पाली, 10 अप्रैल। जिला कलक्टर रविंद्र गोस्वामी के निर्देशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के निर्देश पर पाली शहर में स्वच्छता बनाए रखने एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत डीएसओ टीम एवं स्वास्थ्य शाखा द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई।
स्वास्थ्य निरीक्षक कालुराम आदिवाल द्वारा जोधपुर रोड क्षेत्र में कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध चालान कर ₹4500 का जुर्माना वसूला गया। वहीं कानाराम रल द्वारा सूरजपोल चौराहा क्षेत्र से लगभग 9 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त कर ₹8000 का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार देवाराम ढंजा द्वारा मस्ताना बाबा चौराहा क्षेत्र में ₹200 तथा चम्पालाल हंस द्वारा मंडिया रोड क्षेत्र में ₹200 का जुर्माना वसूला गया। अन्य कार्यवाहियों में अनिल आदिवाल द्वारा महाराणा प्रताप चौराहा क्षेत्र में दुकानदारों से ₹1000 एवं कचरा फैलाने वालों से ₹300, तथा रवि आदिवाल द्वारा सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में ₹1000 का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान कुल ₹15,200 का जुर्माना वसूल किया गया एवं लोगों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक उपयोग के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समझाइश दी गई।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि यह कार्यवाही आमजन के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए की जा रही है और आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे कचरा इधर-उधर न फैलाएं एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद कर स्वच्छ पाली बनाने में सहयोग करें।
