पाली, 12 अप्रैल। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिका सोजत द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। नगर पालिका के आरआरआर सेंटर पर गोगार्बेज के सहयोग से थर्माकोल कचरे के पुनः उपयोग की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
इस नवाचार के तहत थर्माकोल कचरे को पिघलाकर गिट्टी में परिवर्तित किया जा रहा है, जिसका उपयोग आगे डेकोरेशन इंडस्ट्री में कच्चे माल के रूप में किया जाएगा। इस तकनीक के माध्यम से शहर में फैले थर्माकोल कचरे का वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इस पहल से नदियों एवं नालों में जाने वाले कचरे में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही “कचरे से संसाधन” की अवधारणा को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
नगर पालिका सोजत द्वारा इस प्रकार के नवाचारों के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
