घाणेराव, 17 अप्रैल। देसूरी क्षेत्र के घाणेराव गांव में संचालित हो रहे हैं सरकारी अस्पताल में अब मरीजों की सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार चिकित्सा विभाग की प्राथमिकता है। घाणेराव सीएचसी में ऑपरेशन थियेटर शुरू होने से स्थानीय स्तर पर सुरक्षित प्रसव सेवाएं उपलब्ध होंगी और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि पाली जिले के देसूरी ब्लॉक के घाणेराव कस्बे में आशा महेश हिंगड़ ट्रस्ट द्वारा निर्मित मोहिनी देवी जुगराजजी हिंगड़ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, घाणेराव में कनिष्ठ विशेषज्ञ के पद रिक्त होने के आसपास ग्रामीणों को मातृ एवं शिशु सुविधा के लिए जिला स्तर एवं निजी संस्थानों पर जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस संस्थान पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने सें ऑपरेशन थियेटर का संचालन प्रारंभ हो गया है। ऑपरेशन थियेटर शुरू होते ही पहला एलएससीएस (सीजेरियन) सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस सफल ऑपरेशन में मां और नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं।
सीएमएचओ डॉ मारवाल ने बताया कि ऑपरेशन थियेटर शुरू होने से क्षेत्र के गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के लिए दूरस्थ अस्पतालों में रेफर होने की आवश्यकता नहीं होगी और स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे घाणेराव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। इस सफलता पर ऑपरेशन टीम मे डॉ दिनेश कुमार सीरवी (स्त्री एवं प्रसूती रोग विशेषज्ञ), डॉ विकास शर्मा (Anesthesia), नर्सिंग स्टाफ गोविन्द मीणा एवं सैफ अली मौजूद रहे।
इस सुविधा पर लाभान्वित परिवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कार्मिकों की सराहना की गई। साथ ही आशा महेश हिंगड़ चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2018 मे समस्त सुविधाओं युक्त भवन का निर्माण करवाकर कर राज्य सरकार को भेंट किया गया हैं एवं वर्तमान मे भी ट्रस्ट के इस संस्थान का अनवरत सहयोग प्राप्त हो रहा हैं जिनका विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह महत्वपूर्ण सुविधा शुरू हो सकी इस ट्रस्ट द्वारा इस संस्थान पर अत्याधुनिक सुविधाओं सहित उपकरण उपलब्ध करवा रखे हैं एवं ट्रस्ट द्वारा मरीजों को डायलसीस की भी सुविधा पूर्ण तया निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऑपरेशन थियेटर के नियमित संचालन से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलेगा तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल, ऑपरेशन टीम एवं ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। साथ ही देसूरी बीसीएमओ डॉ. अविनाश चारण, सीएचसी प्रभारी डॉ. उम्मेदसिंह कसाना एवं समस्त स्टाफ और ट्रस्ट को शुभकामनाएं दी है।
