पाली, 17 अप्रैल। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में आयोजित तीन दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का मारवाड़ जंक्शन के सीबीओ रामराज प्रजापत ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीबीओ प्रजापत ने टेबल टेनिस (टीटी) एवं योगा प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों से रूबरू होकर उनसे संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना को अपनाने की सीख दी। प्रतियोगिता में कुल 59 छात्र एवं 50 छात्राएं भाग ले रहे हैं। सीबीओ ने आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने भोजनालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने प्राचार्य डी.सी. गुप्ता, शारीरिक शिक्षक मोहन लाल बेड़ा एवं इन्दु चाहर को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
तीन दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को विद्यालय के बहुउद्देशीय कक्ष में विधिवत रूप से किया जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिरयारी थानाधिकारी हुक्म गिरी एवं लिबर्टी स्कूल, जोजावर के प्राचार्य भरत जोशी होंगे।
