RPSC Candidate News: जयपुर, 8 मई। राजस्थान लोक सेवा आयोग RPSC द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द कर दोबारा कराने के फैसले ने एक नई बहस छेड़ दी है। सबसे बड़ा विवाद उन 66 अभ्यर्थियों को लेकर है जिन पर एसओजी SOG की जांच में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। आयोग के अध्यक्ष यूआर साहू के उस बयान ने मेहनतकश युवाओं की चिंता बढ़ा दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि इस भर्ती में जिन लोगों ने पहले गड़बड़ी की थी, एसओजी की जांच में यह आरोप लगा है, उनको परीक्षा में वापस बैठाने के लिए अलाउ करें या न करें। मुद्दे पर आरपीएससी में तय करने के बाद डिसाइड करेंगे।

इस अनिश्चितता के बीच उन हजारों अभ्यर्थियों में गहरी नाराजगी है, जिन्होंने बिना किसी विवाद के अपनी मेहनत से परीक्षा पास की और ट्रेनिंग तक पूरी कर ली थी। अभ्यर्थियों का तर्क है कि यदि धांधली के आरोपियों को फिर से परीक्षा में बैठने का अवसर मिला तो यह ईमानदारी से तैयारी करने वाले युवाओं के साथ सरासर अन्याय होगा। इससे पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर फिर से सवाल खड़े हो सकते हैं।

राज्य सरकार की हरी झंडी के बाद अब यह परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। आयोग ने साफ कर दिया है कि इसमें केवल वही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी शामिल हो पाएंगे जिन्होंने पिछली बार दोनों पेपर दिए थे। किसी भी नए आवेदक को इसमें शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए 16 मई से 30 मई तक आवेदन में संशोधन की सुविधा दी गई है, इसमें मोबाइल नंबर और पता बदला जा सकेगा। हालांकि इसके लिए ओटीआर OTR केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है, साथ ही लाइव फोटो और बायोमेट्रिक सहमति भी देनी होगी। सचिव रामनिवास मेहता के अनुसार आयु और योग्यता की शर्तें 2021 के मूल आवेदन के अनुसार ही रहेंगी।

“SANCHAL NEWS” Palinews.in WhatsApp ग्रुप में शामिल होने के लिए यह लिंक खोलें: https://chat.whatsapp.com/CDUZj1HBHMLHoFiWoaPpkJ?mode=gi_t

About The Author