जयपुर, 26 अप्रैल।  मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि 27 अप्रैल से प्रारंभ होने वाला ग्राम रथ अभियान प्रदेशवासियों को राज्य सरकार की कृषि, पशुपालन एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
मुख्य सचिव रविवार को शासन सचिवालय में ग्राम रथ अभियान के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के किसानों को तकनीकी रूप से उन्नत कृषि की ओर अग्रसर करने तथा कृषि क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जयपुर में 23 से 25 मई तक ‘ग्राम-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य सरकार द्वारा 27 अप्रैल से 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान संचालित किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में ग्राम रथों का रूट चार्ट तैयार कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान संपर्क पोर्टल पर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही, आवश्यक समर कंटीजेंसी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
239441 Image 1cce172c 04d4 4c39 8966 56e6ed82b893
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम रथ अभियान से जुड़े सभी 13 विभाग कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सभी जिला कलेक्टरों से अभियान की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अभियान के नोडल विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 183 ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम रथ द्वारा प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लोक कलाकारों द्वारा कला जत्था के माध्यम से संध्या चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे योजनाओं की जानकारी जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त करने के लिए सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार किया जा सके। इसके अतिरिक्त, विभिन्न अवसरों पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संदेश एवं संवाद LED स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित किए जाएंगे।
239441 Image 91dcc4f9 6267 4b53 9952 b32993093477
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, जल संसाधन विभाग अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग शिखर अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव परिवहन भवानी सिंह देथा, शासन सचिव, सहकारिता समित शर्मा, शासन सचिव, पंचायतीराज डॉ. जोगाराम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी जिला कलेक्टर एवं संभागीय आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

About The Author