PALI TRAIN NEWS; 21 मई। पाली से दिल्ली और भुज के लिए सीधी ट्रेन सेवा का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 22 मई से भुज-दिल्ली रेगुलर ट्रेन सेवा शुरू होगी, जिसे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
ट्रेन के शुभारंभ को लेकर पाली रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज हो गई हैं। स्टेशन को तिरंगे थीम में सजाया जा रहा है और प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम के लिए विशेष मंच तैयार किया जा रहा है।
स्टेशन पर चल रही जोरदार तैयारियां-
रेलवे स्टेशन पर रंग-रोगन, सजावट और यात्रियों के बैठने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आर्टिफिशियल फूलों और तिरंगे रंग की थीम से पूरे स्टेशन को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने गुरुवार को विशेष ट्रेन से पाली पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी और रेलवे अधिकारी भी मौजूद रहे।
रेल मंत्री का रहेगा पाली-जालोर दौरा-
तय कार्यक्रम के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सुबह दिल्ली से रवाना होकर जोधपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे जालोर में भुज-दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और शाम को पाली रेलवे स्टेशन पहुंचकर यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लंबे समय से थी मांग-
पाली और जालोर क्षेत्र के लोग काफी समय से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे। पिछले वर्ष रेल मंत्री ने पाली दौरे के दौरान इस संबंध में आश्वासन दिया था। इसके बाद लगातार प्रयासों के बाद अब यह ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है।
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
