RAJASTHAN NEWS; 19 मई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने के मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। अजमेर के बीजेपी जिलाध्यक्ष रमेश सोनी के खिलाफ कोर्ट ने अहम आदेश दिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-2 के न्यायाधीश रजनीश ने रमेश सोनी को प्रथम दृष्टया आरोपी माना है। न्यायालय ने गंज थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के ऑर्डर दिए हैं। सुरेश सोनी ने पीयूष सुराणा की विवादित पोस्ट को शेयर किया था, जिसके चलते उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रकरण में कांग्रेस के पूर्व आईटी सेल पदाधिकारी पीयूष सुराणा जेल की सलाखों के पीछे हैं, पुलिस ने आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था। अदालत के ताजा आदेश के बाद बीजेपी शहर अध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई होनी तय है। इससे राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
स्याहीकांड में लाइन हाजिर हो चुके हैं 3 पुलिसकर्मी-
विवादित पोस्ट के बाद पुलिस ने पीयूष सुराणा को हिरासत में लिया था, पुलिस कस्टडी में ही कांग्रेस नेता के ऊपर स्याही फेंकी गई थी इसके बाद तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए तीनों को लाइन हाजिर कर दिया था। परिवादी श्रेयांश सुराणा ने अधिवक्ता वैभव जैन के जरिए अदालत में परिवाद पेश किया था परिवादी का कहना था कि जिस तरह पीयूष सुराणा के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसी तरह रमेश सोनी के खिलाफ भी एक्शन होना चाहिए। अदालत ने सुनवाई के बाद आईटी एक्ट समेत अन्य कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
