पाली, 23 अप्रैल।  उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने गुरुवार को विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपखंड अधिकारी राणावत ने पंचायत समिति क्षेत्र हेमावास के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोषाहार एवं पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पोषाहार की गुणवत्ता परखने के लिए स्वयं विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन का स्वाद भी चखा।
एक या अधिक लोग और लोग पढ़ रहे हैं की फ़ोटो हो सकती है
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने विद्यालयों में कुल नामांकन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पोषाहार से लाभान्वित छात्रों की संख्या, भोजन की निगरानी व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने रसोईघर की स्थिति, गैस कनेक्शन की उपलब्धता, खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण, कुक-कम-हेल्पर के मानदेय भुगतान एवं लेखा संधारण की भी जांच की।
इसके साथ ही पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के अंतर्गत दुग्ध वितरण की स्थिति, मिल्क पाउडर की उपलब्धता एवं स्टॉक की जानकारी भी ली। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान संस्थाप्रधान अश्विनी देपन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

About The Author