पाली, 10 अप्रैल। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा 11 से 14 अप्रैल 2026 तक चार दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करना तथा डॉ. अम्बेडकर के विचारों से आमजन को अवगत कराना है।
जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रमानुसार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला स्तर पर उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागा को नोडल अधिकारी एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर समस्त उपखण्ड अधिकारी को नोडल अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारीगणों को सहायक नोडल अधिकारी व सामाजिक सुरक्षा अधिकारीगणों को सहायक नोडल अधिकारी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम अनुसार 11 अप्रैल को जिला मुख्यालयों पर प्रातः 09 बजे बांगड कॉलेज के सामने महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा तथा प्रत्येक राजकीय कार्यालय में माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी प्रकार 12 से 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। साथ ही “संविधान को जानें” विषय पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विद्यालयों एवं महाविद्यालयो एवं आवासीय विद्यालय में आयोजित की जाएगी।
13 अप्रैल को स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक न्याय दर्शन एवं जीवन पर संगोष्ठी, व्याख्यान, छात्रावासों व विद्यालयों में उनके जीवन पर आधारित चलचित्र प्रदर्शन तथा स्वच्छता कार्यक्रम शामिल होंगे। साथ ही विद्यालयों में अम्बेडकर एवं संविधान विषय पर निबंध लेखन, भाषण तथा पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
14 अप्रैल को प्रातः 09 बजे जिला मुख्यालयों अम्बेडकर सर्किल पर बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा/फोटो पर माल्यापर्ण एवं पुष्पाजंलि का कार्यक्रम आयोजित किए जायेगे। कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, संविधान शपथ तथा अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
